
भोंपूराम खबरी,बरेली। शहर में ‘आइ लव मुहम्मद’ के नाम पर 26 सितंबर को हुए उपद्रव की साजिश जिस बरातघर में रची गई थी मंगलवार को बीडीए ने फरीदापुर स्थित उस बेग बरातघर पर बुलडोजर चला दिया। 1200 वर्गमीटर में बने अवैध बरातघर को बीडीए ने छह अक्टूबर को सील किया था।

मंगलवार को फिर से सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक बीडीए ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को मिट्टी में मिला दिया। सकरी गली के बीच बने अवैध बरातघर पर सात घंटे से अधिक समय तक हुई कार्रवाई के बाद भी 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा शेष रह गया, जिस पर बुधवार को भी बुलडोजर चलाने की बात कही गई।
आइ लव मुहम्मद के नाम पर प्रदर्शन कर शहर को उपद्रव की आग में झोंकने की कोशिश करने वाले मौलाना तौकीर और उसके गुर्गों पर प्रशासन की सख्ती जारी है। अलग-अलग थानों में दस मुकदमों के साथ 92 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
उपद्रव में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से शामिल होने वाले आरोपितों के विरुद्ध विधिक के साथ आर्थिक रुप से भी चोट पहुंचाई जा रही है। मंगलवार को बीडीए ने पूर्व सपा पार्षद और मौलाना तौकीर के करीबी वाजिद बेग के 800 वर्गगज से अधिक क्षेत्रफल में बने अवैध बेग बरातघर पर भी बुलडोजर चलाकर मिट्टी में मिला दिया।


