भोंपूराम खबरी,भराड़ीसैंण । उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार सुबह राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया।
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में शुरू हुए इस सत्र के पहले ही दिन सदन के अंदर और बाहर जोरदार राजनीतिक हलचल देखने को मिली।
सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर की सीढ़ियों पर बैठकर सरकार के खिलाफ धरना दिया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार पहले ही दिन बजट पेश कर महत्वपूर्ण सवालों और चर्चाओं से बचने की कोशिश कर रही है।
धरने के दौरान हरिद्वार ग्रामीण से विधायक अनुपमा रावत, खटीमा से विधायक भुवन कापड़ी और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
इसी बीच कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदर्शन कर रहे विपक्षी विधायकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के हित में इस बार सदन को शांतिपूर्वक चलने दिया जाए ताकि जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो सके।




