

भोंपूराम खबरी,किच्छा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच राजनीतिक खींचतान पर विपक्षी दल कांग्रेस भी भाजपा सरकार पर गम्भीर आरोप लगाते हुए हमलावर हो गयी हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ गणेश उपाध्याय ने कहा कि एक तरफ धामी सरकार तीन साल बेमिसाल का दावा करते हुए जश्न मना रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत संसद में अपनी ही सरकार को अवैध खनन में लिप्त बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत का बयान प्रदेश में शासन-प्रशासन की मिली भगत से धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन के आरोपों की पुष्टि करता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने संसद में यह भी स्वीकार किया है कि इन खनन के डम्फरों के लापरवाही और तेज गति से चलने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है. उन्होंने ट्रक चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, नशे की हालत में वाहन चलाने और स्थानीय प्रशासन से मिलीभगत के कारण स्थिति को भयावह बताते हुए इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा था। लेकिन उत्तराखंड की भ्रष्ट अफसरशाही व पुलिस प्रशासन की मिली भगत के कारण किच्छा में डम्पर से हुए रोड ऐक्सिडेंट 3 मौते और हो गयी हैं। परन्तु भाजपा सरकार और भ्रष्ट अफसरशाही, पुलिस प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। पुलिस तो भाजपा सरकार के दलालों के लिए काम करते हुए कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं तथा उनके परिजनों पर गम्भीर धाराओं में मुकदमें दर्ज कर रही है। बीते दिनों ऊधम सिंह नगर पुलिस ने भाजपा नेताओं के साथ मिलीभगत करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजकुमार बज़ाज के पुत्र पर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान किच्छा बाईपास इंट्रार्च के सामने हुए रोड ऐक्सिडेंट करने वाले आरोपी को पुलिस पकड़ने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है तथा आरोपी खुलेआम घूम रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुकी है।