Friday, September 4, 2026

डंपर वसूली प्रकरण: वायरल ऑडियो पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के संकेत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में डंपर वसूली से जुड़ा एक मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बीते 16 अप्रैल को एक डंपर मालिक ने रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि डंपर संचालन के एवज में उससे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री विकास सागर द्वारा कथित रूप से ₹70,000 की वसूली की जा रही थी। बदले में यह आश्वासन दिया गया था कि पुलिस या अन्य विभागों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद उसका डंपर पुलिस द्वारा पकड़ा गया और ओवरलोडिंग में करीब ₹77,000 का चालान कर दिया गया। इस पर जब डंपर मालिक ने विकास सागर से संपर्क किया तो उसे कोतवाली बुलाया गया और मामला निपटाने का भरोसा दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान विकास सागर ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से डंपर मालिक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।

मामले की शिकायत लेकर पीड़ित सीओ सिटी कार्यालय पहुंचा, जहां से पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि, अभी तक मुकदमा दर्ज न होने पर नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

इसी बीच सोशल मीडिया पर विकास सागर की कथित ऑडियो वायरल हो रही है, जिसमें वह कथित रूप से अपनी पत्नी के खाते में पैसे भेजने की बात करते सुनाई दे रहा है। हालांकि, इन ऑडियो क्लिप्स की खबर पड़ताल न्यूज़ पोर्टल पुष्टि नहीं करता है।

वहीं, इस पूरे प्रकरण पर ऊधमसिंह नगर के भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वायरल ऑडियो उनके संज्ञान में है और पार्टी ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी में रहकर कोई भी व्यक्ति यदि गलत कार्यों में लिप्त पाया जाता है या उसकी वजह से पार्टी की छवि खराब होती है, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा—चाहे वह कितना ही बड़ा पदाधिकारी या कार्यकर्ता क्यों न हो।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.