भोंपूराम खबरी,हरिद्वार। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गंगाजल भरकर अपने घर की ओर लौट रहे दो युवाओं की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना बहादराबाद थाना क्षेत्र के बड़ेड़ी राजपूतान गांव के पास की है, जहाँ निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी-भरकम लोहे के गार्डर के अचानक खिसक जाने से दोनों कांवड़िए उसकी चपेट में आ गए।
इस दुखद हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया और साथ चल रहे अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों युवाओं को गंभीर हालत में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विश्राम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब 2:20 बजे हुआ। मेरठ और गाजियाबाद से आए कांवड़ियों का एक जत्था हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वापस लौट रहा था। सफर की थकान मिटाने के लिए सभी कांवड़िए बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित बड़ेड़ी राजपूतान गांव में बन रहे फ्लाईओवर के नीचे छांव में विश्राम करने के लिए रुक गए।




