Saturday, September 5, 2026

भूमित्रम समूह ने की वार्षिक वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत; इस वर्ष 2100 पौधे लगाने का लक्ष्य

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर।  पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ काम करने वाले ‘भूमित्रम समूह’ ने आज से अपने वार्षिक वृक्षारोपण अभियान का भव्य आगाज किया। “बनाए धरा को हरा” के मुख्य अभियान को आगे बढ़ाते हुए समूह के सदस्यों ने आज ओमैक्स मेट्रोपोलिस सड़क पर सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया।

भूमित्रम समूह मुख्य रूप से छोटे बच्चों और उनके परिवारों का एक अनूठा संगठन है, जो हर साल पर्यावरण को सहेजने के लिए सक्रिय रहता है। हर वर्ष कम से कम 1100 वृक्ष लगाने का रिकॉर्ड बनाने वाले इस समूह ने इस साल प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और बढ़ाते हुए 2100 पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।

इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें नई पीढ़ी के बच्चे बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आज के कार्यक्रम में नन्हे पर्यावरण प्रेमियों जैसे गौरिका शांडिल्य, गर्व शांडिल्य और अर्षिता ने उत्साहपूर्वक गड्ढे खोदे और उनमें पौधे रोपकर नई पीढ़ी को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

बच्चों के इस नेक कार्य में उनका हौसला बढ़ाने और मार्गदर्शन करने के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और परिवार के बड़े सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से समाजसेवी योगेश लांबा, निखिलेश शांडिल्य, नित्यप्रकाश, राहुल यादव, अशोक शर्मा, ललित गोयल और जगजीत सिंह शामिल हुए। सभी बड़ों ने बच्चों के इस जज्बे की सराहना की और समाज के अन्य लोगों से भी इस मानसून सत्र में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

भूमित्रम समूह के संरक्षकों ने बताया कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समूह के बच्चे और सदस्य नियमित रूप से इन पौधों की देखरेख और पानी देने की जिम्मेदारी भी उठाएंगे, ताकि वे बड़े होकर घने वृक्ष बन सकें।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.