भोंपूराम खबरी,खटीमा। जहरीला पदार्थ पीने से एक बैंक्वेट हॉल स्वामी की मौत हो गई, जबकि अधिवक्ता समेत दो लोगों की हालत गंभीर है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। गुरुवार देर रात तीन लोगों को निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जिनकी हालत गंभीर थी।
कंजाबाग जानकी मंडप के स्वामी 52 वर्षीय ढिल्लू राणा पुत्र स्वर्गीय बादाम सिंह राणा, मलकीत सिंह राणा निवासी भगचुरी और अधिवक्ता प्रवेश मौर्य निवासी भगचुरी एक विवाह समारोह सैजना से वापस लौटे थे। तीनों ने कंजाबाग चौराहे स्थित एक शराब भट्टी से शराब की बोतल ली और जानकी मंडप में बैठकर शराब पी।
अधिवक्ता प्रवेश मौर्य ने अपने बयान में बताया कि पहला पैक लेने के बाद से शरीर में जलन, सांस लेने में तीनों को दिक्कत होने लगी। हालत बिगड़ने पर पड़ोस में रहने वाले जीवन ने निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इमरजेंसी डॉक्टर वीपी सिंह ने उनका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान समाजसेवी ढिल्लू राणा की मौत हो गई, वहीं अधिवक्ता प्रवेश मौर्य और मलकीत राणा की हालत बिगड़ते देख चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने जहरीला पदार्थ मिली शराब पी है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंचे एसआई किशोर पंत ने घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टर वीपी सिंह ने बताया कि तीनों ने कोई जहरीला पदार्थ पिया है । ढिल्लू राणा पालिकाध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके थे।




