Saturday, September 5, 2026

बिजरानी जोन खुलते ही कॉर्बेट पार्क में लौटी रौनक

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रामनगर। विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बहुप्रतीक्षित बिजरानी जोन को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। मानसून सत्र के बाद आज पर्यटन सीजन का औपचारिक आगाज हुआ। सुबह 6 बजे जैसे ही जोन को खोला गया, देश-विदेश से आए सैलानी जंगल सफारी के लिए उमड़ पड़े और पूरे क्षेत्र में एक बार फिर पर्यटन की रौनक लौट आई।

बिजरानी जोन का उद्घाटन पारंपरिक तरीके से किया गया। इस अवसर पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा, एसडीओ अमित ग्वासाकोटी, रेंज अधिकारी नवीन पांडे, वनकर्मी और क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से रिबन काटा और पर्यटकों से भरी जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर जंगल सफारी के लिए रवाना किया। कॉर्बेट का बिजरानी जोन अपने घने साल वृक्षों वाले जंगल, खुले घास के मैदानों, और वन्यजीवों की विविधता के लिए विख्यात है। यहां अक्सर बाघ, हाथी, चीतल, सांभर, मोर और रंग-बिरंगे पक्षियों की अनेक प्रजातियाँ देखी जा सकती हैं। यही कारण है कि यह जोन सैलानियों के बीच अत्यधिक लोकप्रिय है।पहले दिन ही सुबह और शाम दोनों पालियों की सभी 60 जिप्सियों के स्लॉट पूरी तरह बुक रहे। दिल्ली, देहरादून, जयपुर, लखनऊ और गुजरात जैसे विभिन्न शहरों से पहुंचे पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पर्यटकों ने बताया कि मानसून के बाद जंगल की ताजगी, हरियाली और साफ मौसम में सफारी का अनुभव बेहद रोमांचक रहा। उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पार्क प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सफारी मार्गों की मरम्मत, जिप्सियों की फिटनेस जांच, और नेचर गाइड्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। सभी गाइड्स और चालकों को पार्क नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और यादगार सफारी अनुभव मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि कॉर्बेट पार्क का सबसे प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध ढिकाला जोन आगामी 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। उसी दिन से पार्क के विभिन्न जोनों में नाइट स्टे (रात्रि विश्राम) की सुविधा भी प्रारंभ हो जाएगी, जिसका सैलानियों को सालभर बेसब्री से इंतजार रहता है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.