Friday, September 4, 2026

यहां तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह गैबुआ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर लिफ्ट लेकर बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय कमलेश आर्य, निवासी पदमपुरी डोल, गैबुआ के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल बसंती थापा, निवासी कमोला, को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कमलेश आर्य बैलपड़ाव से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने बसंती थापा को छोई स्थित उनके रिश्तेदार के घर छोड़ने के लिए बाइक पर लिफ्ट दी थी। इसी दौरान गैबुआ के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि बसंती थापा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है और घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.