भोंपूराम खबरी रुद्रप्रयाग। जिले के कर्णधार मालकोटी गांव में मंगलवार तड़के एक गौशाला में भीषण आग लगने से अफरा- तफरी मच गई। हादसे में गौशाला में बंधे दो मवेशी आग की चपेट में आकर झुलस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस और पशुपालन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर आग पर काबू पाने के साथ प्रभावित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह करीब 3:20 बजे कर्णधार मालकोटी निवासी आशा द्वारा गौशाला में आग लगने की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन सेवा, राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग को अलर्ट किया गया। सभी विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और झुलसे मवेशियों के उपचार सहित आवश्यक राहत कार्य शुरू कराया। प्रशासन के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।




