Friday, September 4, 2026

चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग को लेकर व्यापारियों का शशिष्टमंडल मिला कोतवाल से

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। विगत दिनों मुख्य बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में आज व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने रुद्रपुर कोतवाल से मुलाकात कर अपना रोष प्रकट किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

व्यापारियों ने बताया कि दो दिन पूर्व मटके वाली गली स्थित चार शोरूम में चोरी की बड़ी घटना हुई, जिसमें व्यापारियों का लगभग 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन अब तक चोरी का खुलासा नहीं कर पाया है, जिससे व्यापारियों में भारी असंतोष बना हुआ है। व्यापार मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर घटना का खुलासा नहीं किया गया तो व्यापारियों को पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बाजार चौकी क्षेत्र एवं आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस बल की संख्या बेहद कम है, जिसके कारण क्षेत्र में नियमित गश्त नहीं हो पा रही है। रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

इस दौरान व्यापारियों ने अग्रसेन चौक स्थित मोबाइल मंत्रा शोरूम में हुई लगातार दो चोरी की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने बताया कि उक्त घटनाओं में लगभग 20 लाख रुपये का माल चोरी हुआ था, लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। इसके अलावा सब्जी मंडी एवं काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे दुकानों में हुई चोरियों का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे व्यापारियों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी है।

व्यापारियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।

कोतवाल का घेराव करने वालों में अंकित नरूला, पवन गाबा, मनोज छाबड़ा , संदीप,पवन जिंदल, आशीष चन्दना, सुनील झाम, आदित्य भनोट, नीतीश धीर, आशु मिगलानी, ऋषभ अरोरा, मधुर कुमार, उज्जवल कुमार, जतिन भसीन, ललित गोयल, राजेश कामरा, अनिल कुमार, अंशुल ठुकराल, अमित अरोरा, अजय चड्ढा, गौरव जुयाल, पुलकित कुमार, जिमी ठुकराल, शिवम चौहान सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.