Saturday, September 5, 2026

यहां सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड आईटीआई के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार 22 वर्षीय युवक आदित्य सिंह बिष्ट की मौत हो गई, जबकि उसका साथी कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद टाटा ऐस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक आदित्य सिंह बिष्ट, निवासी संगम विहार फेस-3 छड़ायल नायक,  अपने मित्र कुनाल के साथ बुलेट से रामपुर रोड चुंगी की ओर आ रहा था। इसी दौरान आईटीआई तिराहे पर गली से अचानक निकले एक दुग्ध सप्लाई करने वाले टाटा ऐस वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुनाल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने घटनास्थल के पास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाली है, जिसमें टाटा ऐस और बुलेट की टक्कर साफ दिखाई दे रही है। हादसे के बाद टाटा ऐस चालक घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि टाटा ऐस वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मृतक आदित्य के पिता नाइजीरिया में कार्यरत हैं, जबकि मां और भाई पहाड़ गए हुए हैं। आदित्य बुलेट किसी परिचित से मांगकर लाया था। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.