Friday, September 4, 2026

एसटीएफ ने 7 किलो से अधिक अफीम के साथ दो तस्कर दबोचे

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,उधम सिंह नगर । उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने थाना पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से दो अंतरराज्यीय तस्करों को 7.042 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। यह राज्य में अब तक की सबसे बड़ी अफीम बरामदगी में से एक मानी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह और पुलिस उपाधीक्षक आर. बी. चमोला की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली निवासी चमन प्रकाश (30) और बदायूं निवासी महावीर (18) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से अफीम के अलावा एक मोटरसाइकिल (UP25DH 8395) भी बरामद की गई

एसटीएफ के अनुसार, चमन प्रकाश पर हत्या, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित सात मामले दर्ज हैं, जबकि महावीर पर भी एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों हाल ही में बरेली जेल से जमानत पर छूटे थे और उत्तराखंड में अफीम सप्लाई करने आए थे। तस्करों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे लंबे समय से उत्तर प्रदेश से उधम सिंह नगर सहित उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में अफीम की आपूर्ति कर रहे थे।

एसटीएफ ने नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर ली है और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस ऑपरेशन में मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक के. जी. मठपाल सहित थाना पुलभट्टा एसओ प्रदीप मिश्रा की टीम शामिल रही।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.