भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। महानगर अध्यक्ष के चयन को लेकर सिटी क्लब में बुलाई गई कांग्रेस की रायशुमारी बैठक में कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गयी। पर्यवेक्षक सामने कांग्रेस के दो गुटों में टकराव हो गया। इस दौरान जमकर हाथापाई हो गई। मारपीट में कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की खबर हैं। कांग्रेस के एक नेता को मारपीट के बाद अस्पताल भर्ती कराना पड़ा।
गुरुवार को सिटी क्लब में महानगर अध्यक्ष के चयन को लेकर राय शुमारी बैठक आयोजित की गयी थी। जिसमें दिल्ली से ऑल इंडिया कांग्रेस के नरेश कुमार के अलावा देहरादून से भी पर्यवेक्षक पहुंचे थे। बैठक की शुरूआत में वरिष्ठ नेताओं के स्वागत सम्मान का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मंच पर बैठने को लेकर कांग्रेस के दो गुटों में नोंक झोंक शुरू हो गयी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली गालौच और हाथापाई तक पहुंच गया। महानगर अध्यक्ष पद के दावेदार पक्ष के लोग पर्यवेक्षकों के सामने ही आमने सामने आ गये और दोनों पक्षों में टकराव शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। इस दौरान कई कार्यकर्ता चोटिल हो गये। हंगामे और मारपीट के बीच कांग्रेस नेता राजेन्द्र मिश्रा भी घायल हो गये। बताया जा रहा है कि मारपीट की शिकायत के बाद राजेन्द्र मिश्रा अन्य कांग्रेसियों के साथ शिकायत करने श आदर्श कालोनी चौकी पहुंच गये। चौकी से निकलने पर अचानक राजेन्द्र मिश्रा की तबियत तेजी से बिगड़ गयी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। वहां पर हड़कम्प मच गया। मौके पर मौजूद कांग्रेसी उन्हें आनन पफानन में अस्पताल ले गये, जहां उनका उपचार चल रहा है। कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में हुई मारपीट का मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। मामले में दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी कर रहे थे। उधर दूसरा गुट भी चौकी पहुंचे और उन्होंने पुलिस को घटना से अवगत कराया। इधर चौकी प्रभारी आदर्श कालोनी होशियार सिंह ने बताया कि पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं।




