भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी तिराहे पर देर शाम फायर स्टेशन में तैनात एक फायरमैन पर दो अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरमैन को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार नवल प्रभात पुत्र स्व- धनीराम रुद्रपुर फायर स्टेशन में फायरमैन पद पर कार्यरत हैं, शनिवार शाम लगभग 4ः25 बजे कमांडर कैंप से सरकारी डाक लेकर गल्ला मंडी की ओर से फायर स्टेशन लौट रहे थे। गल्ला मंडी तिराहे पर अचानक पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान फायरमैन बाइक से गिर पड़े और युवकों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि मोटरसाइकिल से घिर जाने के कारण उनके सिर के पीछे और कान में चोटें आईं। इसी दौरान मौके पर लोग एकत्र होने लगे तो दोनों हमलावर चाकू लहराते हुए वहां से भाग निकले। पीड़ित नवल प्रभात ने घटना की सूचना तत्काल अपने अधिकारियों को दी और स्टाफ की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचकर मेडिकल कराया। बाद में उन्होंने थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।




