Sunday, July 27, 2025

यहां हाईवे पर पलटा वाहन, एक की मौत, चार घायल

Share

उत्तराखंड में एक फिर सड़क हादसा हुआ है। गढ़वाल मंडल के गोपेश्वर में बदरीनाथ हाईवे पर छिनका के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान पेरी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान बलवंत सिंह, उम्र 52 वर्ष, पुत्र केदार सिंह के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब ये सभी लोग आगामी 28 जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए अपने गांव लौट रहे थे। सभी लोग बदरीनाथ में यात्रा सीजन के दौरान काम कर रहे थे और वहीं से वापस आ रहे थे।

जैसे ही वाहन बिरही और छिनका के बीच पहुंचा, अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। वाहन में चालक सहित कुल 10 लोग सवार थे।

घायलों में भरत सिंह, हिम्मत सिंह, पुष्कर सिंह और त्रिलोक सिंह शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम आर.के. पांडेय और सीएमएस डॉ. अनुराग धनिक मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन और पुलिस की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Read more

Local News

Translate »