Saturday, September 5, 2026

यमुनोत्री हाईवे समेत चारधाम यात्रा मार्ग बाधित, सैकड़ों वाहन फंसे

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से चारधाम यात्रा मार्गों पर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़ के पास देर रात भारी भू-धंसाव के चलते मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इससे हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालुओं के वाहन फंसे हुए हैं। सुबह से यात्रा बाधित है और यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालात को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने मलबा हटाने के लिए मशीनें मौके पर भेज दी हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है।

वहीं, बारिश का असर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोहबगड़ के पास मलबा आने से बंद हो गया है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे सोनप्रयाग के समीप बाधित है, जबकि बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी में मलबा गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया है। इन स्थानों पर भी यात्रियों को कई किलोमीटर लंबा जाम झेलना पड़ रहा है।

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट और बागेश्वर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक आगामी तीन जुलाई तक राज्य में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

प्रशासन ने यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से मौसम साफ होने तक सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.