Friday, September 4, 2026

काठगोदाम से अमृतसर रेल सेवा व आनंद कारज एक्ट लागू करने की मांग

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दो अक्टूबर को नगर आगमन पर भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश सह संयोजक भारत भूषण चुघ ने उन्हें दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया।

ज्ञापन में चुघ ने काठगोदाम से अमृतसर के लिए प्रतिदिन रेल सेवा प्रारंभ कराने का आग्रह किया। कहा कि कुमाऊं क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में सैनिकों का पाकिस्तान सीमा जो पंजाब से लगती है आना-जाना लगा रहता है। यह रेल सेवा प्रारंभ होने से देश के कुमाऊं वासी सैनिकों के लिए बेहतर कार्य होगा। उन्होंने बताया कि अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर एवं व्यास स्थित राधा स्वामी सत्संग के साथ पंजाब स्थित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु आवागमन करते हैं। पंजाब के अमृतसर, जालंधर, लुधियाना आदि प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र हैं जहां कुमाऊं क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी कार्य हेतु जाते हैं। यह रेल सेवा प्रारंभ होने से उत्तराखंड की व्यापारिक गतिविधियां भी तेज होंगी इससे राज्य का राजस्व बढ़ेगा।

चुघ ने मुख्यमंत्री धामी से राज्य में सिख व पंजाबी समाज के हित में हिंदू मैरिज एक्ट के समान ही आनंद कारज एक्ट लागू करने का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि देश के कई राज्यों में आनंद कारज एक्ट लागू हो चुका है लेकिन सिख समाज द्वारा कई बार पूर्व में आग्रह करने के बाद भी देवभूमि उत्तराखंड में आनंद कारज एक्ट लागू नहीं किया जा सका। यदि राज्य में आनंद कारज एक्ट लागू किया जाता है तो सिख समाज को देश विदेश की यात्रा के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। धामी ने भरोसा दिलाया कि वह इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। राज्य के कुमाऊं क्षेत्र के निवासियों एवं सिख समाज को निराश नहीं होने दिया जायेगा।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.