Friday, September 4, 2026

आये दिन जाम से बेहाल नैनीताल रोड के मुसाफिर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर।  शहर के नैनीताल-दिल्ली राजमार्ग पर आये दिन लगने वाला जाम क्षेत्र के लोगों की परेशानी का सबब बनता जा रहा है। मंगलवार दोपहर में लगे जाम से गाड़ियों को धीरे-धीरे निकलने में एक घंटे से भी अधिक का समय लग गया। तपती धूप में जाम में फंसे साइकिल व बाइक सवार काफी देर तक सड़क पर खड़े झुलसते रहे। काफी देर बाद आवागमन बहाल हो पाया।

नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या नई नहीं है। इस बाबत कई बार जिले के आला अधिकारियों से लेकर स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस अमले को अवगत कराया जा चुका है परंतु समस्या का निदान अभी तक नहीं हो पाया है। दरअसल यहाँ कई व्यापारियों ने ग्रीन बेल्ट पर अवैध अतिक्रमण कर रखे हैं। इसके अलावा चूंकि यही रास्ता पंतनगर औद्योगिक आस्थान को जाता है तो ऐसे में निजी बस संचालक यहाँ अपनी बसें पार्क कर देते हैं। अनेक व्यापारियों ने सड़क की पटरी पर अवैध निर्माण कर दुकानें बना ली हैं तो अधिकांश दुकानों के सामने बाइक व अन्य वाहन खड़े कर दिये जाते हैं। जिससे आम लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। वाहनों की अधिकता और अतिक्रमण के कारण दिन भर यहाँ जाम लगा रहता है। जिला प्रशासन के लगभग सभी अफसर इसी मार्ग से कलेक्ट्रेट जाते हैं। यह मार्ग दिल्ली राजमार्ग को भी जोड़ता है। इसके चलते इस मार्ग पर दुपहिया तथा चार पहिया वाहनों का आवागमन बहुलता से होता है। पुलिस व प्रशासनिक अमले की अनदेखी के कारण इस राजमार्ग पर जाम की परेशानी हर समय रहती है। इलाकाई पुलिस इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। पुलिस आये दिन वाहन चेकिंग इसी स्थान पर करती है पर अतिक्रमण व जाम के इस खेल से वह अनभिज्ञ ही बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.