
भोंपूराम खबरी। रुद्रपुर। आज उधम सिंह नगर में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष का चयन संगठन पर्व के तहत किया गया। इस अवसर पर जिला चुनाव प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां गहन मंथन के बाद उन्होंने कमल जिंदल के नाम की घोषणा की। इसके साथ ही कमल जिंदल को दोबारा जनपद के भाजपा जिला अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। जिंदल के नाम की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। शर्मा ने कहा कि भाजपा में दायित्व एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसके तहत पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलना चाहिए और संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भाजपा एक विशाल परिवार है, जिसमें सभी सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह हमेशा उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। वे पूरे जनपद में भाजपा की रीति-नीति को घर-घर तक पहुंचाएंगे।