भोंपूराम खबरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को तिमोर-लेस्ते के दौरे पर पहुंचीं. इस दौरान उन्हें रामोस होर्ता से देश के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता के आधार पर मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करते हैं. उन्होंने अपने समकक्ष जोस रामोस-होर्ता के साथ कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए व्यापक चर्चा की. डिली स्थित राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता के आधार पर मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करते हैं. मुझे विश्वास है कि इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे. मैंने आज राष्ट्रपति रामोस-होर्ता के साथ भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच आईटी, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, क्षमता निर्माण और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की. ”




