Saturday, September 5, 2026

यहां महिला जज का शव फंदे से लटका मिला

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,बदायूं। सरकारी आवास में महिला जज का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने आत्महत्या की बात कही है। महिला जज ज्योत्सना राय के आत्महत्या की जानकारी की खबर से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम-एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए।

शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित जजी कालोनी में रहने वाली सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय का शव उनके आवास के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। सुबह समय पर कार्यालय न पहुंचने पर उनकी कोर्ट के कर्मचारियों ने कॉल की तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर कर्मचारी आवास पर पहुंचे तो काफी आवाज और खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो कमरे में पंखे से शव लटक रहा था। पास में ही मोबाइल पड़ा था और दूसरे कमरे का सामान भी बिखरा हुआ था। कोतवाली इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने सूचना एसएसपी आलोक प्रियदर्शी को दी। इस पर डीएम मनोज कुमार और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे। किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। बताया जा रहा कि पिछले कुछ दिन से ज्योत्सना राय अवसाद में चल रहीं थी। उनकी डायरी से एक सुसाइड नोट मिला है। जिस पर पुलिस अधिकारी अभी कुछ बोल नहीं रहे हैं। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जांच जारी है। बताया कि महिला जज ज्योत्सना राय का आवास पहली मंजिल पर है। दरवाजे अंदर से बंद थे। उसे जबरदस्ती खोला गया और उनका शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला। शव को कब्जे में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके दस्तावेजों में कुछ चीजें मिली हैं। सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। ज्योत्सना राय मूल रूप से मऊ की रहने वाली थी। सूचना स्वजन को दे दी है। ज्योत्सना राय की बदायूं में दूसरी पोस्टिंग थीं। वह अप्रैल 2023 में बदायूं आई थी। इससे पहले वह अयोध्या में तैनात थीं।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.