भोंपूराम खबरी। गंगनहर क्षेत्र में देर रात तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप के स्वामी की घर में गोलियां मारकर हत्या कर दी।कारोबारी की हत्या से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला रोड निवासी 40 वर्षीय जोगेंद्र का पनियाला रोड पर एसआर पेट्रोल पंप है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। पनियाला रोड पर घर में ही उनका ऑफिस है। बुधवार की रात वह अपने घर में बने ऑफिस में बैठे हुए कुछ काम कर रहे थे। इस दौरान घर की चाहरदीवारी फांदकर तीन युवक अंदर दाखिल हुए और सीधे उनके दफ्तर में जा घुसे। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। इसके बाद तीनों दीवार कूदकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन वहां पर पहुंचे तो जोगेंद्र खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। वारदात के समय जोगेंद्र का बेटा और भतीजा आस पास ही खड़े थे। भतीजे की एक अंगुली में भी छर्रा लगा है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। साथ ही उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलते ही एसपी देहात एसके सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसएसपी प्रर्मेंद्र डोबाल भी मौके पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि गर्दन, छाती और पेट में पांच गोलियां लगी हैं। मृतक जोगेंद्र पार्षद गीता चौधरी के पति मांगेराम चौधरी के छोटे भाई हैं। घटना के बाद लोगों की भीड़ भी घटनास्थल और सिविल अस्पताल में जुट गई। पुलिस हत्या के मामले में हर बिंदु पर जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। उधर, पुलिस की माने तो पेट्रोल पंप मालिक की हत्या के मामले में शक की सुई आसपास ही घूम रही है। एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।




