भोंपूराम खबरी। पहाड़ में ठंड बढ़ने के साथ ही चारों ओर बिछ रही पाले की सफेद चादर अब जानलेवा भी साबित होने लगी है। इसी पाले में फिसलकर एक बिजली लाइनमैन की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है।
ये घटना उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के अस्कोट थाना क्षेत्र की है। बुधवार को ग्राम प्रहरी ललित प्रसाद ने पुलिस को चमडुंगरी में एक युवक का शव खाई में पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई मीनाक्षी देव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। मृतक की शिनाख्त 36 वर्षीय हरीश सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी ग्राम कांणाधार पोस्ट छड़नदेव थाना कनालाछीना के रूप में हुई। हरीश सिंह संविदा पर बिजली लाइनमैन के पद पर तैनात था।
लाइन मरम्मत के लिए आया था
हरीश सिंह बीते 19 दिसंबर को ग्राम चमडुंगरी में बिजली लाइन मरम्मत के लिए आया हुआ था। दोपहर में वह लाइन ठीक कर घर की ओर रवाना हो गया था। अगले दिन तक भी वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी थी।
पाले में रपटने से हुआ हादसा
पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया। बारीगाड़ा झरने के नीचे तलहटी में मृतक का शव छाती के बल पड़ा था। शरीर में काफी चोंटे आई थी। पुलिस के मुताबिक यह स्थान पालाग्रस्त है। ढलान में अत्यधिक फिसलन के कारण ये हादसा हुआ होगा।




