भोंपूराम खबरी। किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है। फोन पर मिली धमकी के बाद पूर्व विधायक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपित सालों पहले राजेश शुक्ला द्वारा मदद नहीं करने की बात से नाराज था, इसी नाराजगी की वजह से उसने उन्हें धमकी दी है। उधर, आरोपित के सनकी होने की चर्चा भी है। शनिवार की शाम को किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के मोबाइल फोन पर एक अनजान नम्बर से कॉल आया। राजेश के अनुसार कॉल पर आरोपी ने उन्हें गन्दी-गन्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने शुक्ला के परिवार के लोगों को भी उड़ा देने की धमकी दी है। इसके बाद जब उन्होंने फोन काट दिया तो आरोपित ने कई और कॉल्स भी किए। शुक्ला के अनुसार आरोपित ने अपना नाम संजय ठाकुर निवासी बरा बताया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से इस मामले की जांच को शिकायत की। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान बंडिया निवासी सन्नी के रूप में की है। जिसे हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कुछ सालों पहले सिडकुल की किसी कंपनी में काम करता था, जहां किसी मामले में पहुंचे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उसकी मदद नहीं की थी। इस बात से वह पूर्व विधायक से खिन्न था। फिलहाल, युवक को साइको बताया जा रहा है। सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपित भाजपा का बूथ एजेंट होने के अलावा किच्छा यूथ मोर्चा का मंडल मंत्री भी रहा है। सोशल साइट्स पर आरोपित द्वारा की गयी पोस्ट्स से प्रतीत होता है कि हार्डकोर हिन्दुवादी नेता भी है।




