Friday, November 27, 2026

यहां ठेकेदार,अधिकारियों की लापरवाही से गर्जिया मंदिर के टीले पर खतरा, मिट्टी गिरने से बुनियाद हुई कमजोर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर के टीले को बाढ़ और कटाव से बचाने के लिए चल रहे सुरक्षात्मक निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मनमानी व सुरक्षा मानकों की अनदेखी से न केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि मंदिर के टीले पर ही खतरा मंडराने लगा है।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए ठेकेदार व अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया है तथा नोटिस भेजने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

 

कोसी नदी के किनारे स्थित लगभग 70 फीट ऊंचे टीले पर विराजमान माता गर्जिया देवी के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। कोसी नदी में हर साल आने वाली बाढ़ और तेज बहाव के कारण मंदिर का टीला जर्जर और कमजोर होने लगा था। इस स्थिति को देखते हुए शासन ने टीले के संरक्षण और मजबूती के लिए साढ़े 11 करोड़ रुपये की लागत से चारों ओर सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक (सीमेंट-कंक्रीट ब्लॉक) बनाने की योजना को स्वीकृति दी थी। इसी के तहत सुरक्षात्मक कार्य शुरू किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर नियमों को ताक पर रखकर काम किए जाने से स्थिति चिंताजनक हो गई।

नियमों को दरकिनार कर 40 फीट तक खोदाई

विशेषज्ञों और तय मानकों के अनुसार, टीले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुनियाद के लिए 10-10 फीट की खोदाई कर चरणबद्ध तरीके से सीसी ब्लॉक का निर्माण किया जाना था। प्रत्येक 10 फीट की खोदाई के तत्काल बाद वहां सीसी ब्लॉक डालने का प्रावधान था, ताकि मिट्टी की पकड़ ढीली न पड़े और भूस्खलन या कटाव की स्थिति न बने। इसके विपरीत, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों ने इन निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए एक साथ करीब 40 फीट तक गहराई में खोदाई कर डाली। जरूरत से अधिक और बिना चरणबद्ध सुरक्षा के की गई इस खोदाई के कारण टीले की मिट्टी भरभराकर नीचे गिरने लगी, जिससे मंदिर के टीले की स्थिरता को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

बिना तैयारी के काम, बिल में कटौती के निर्देश

बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता के औचक निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि स्थल पर केवल खोदाई का काम चल रहा था, जबकि सीसी ब्लॉक डालने के लिए कंक्रीट तैयार करने या अन्य आवश्यक सामग्री की कोई पूर्व तैयारी नहीं की गई थी। संवेदनशील स्थल पर बिना समुचित तैयारी और सुरक्षा इंतजामों के कार्य जारी रखने पर मुख्य अभियंता ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में बिना तैयारी या नियमों के विरुद्ध कार्य पाए जाने पर ठेकेदार के भुगतान बिल में कटौती की जाएगी।

डिजाइन में बदलाव की सुगबुगाहट

सूत्रों के अनुसार, गर्जिया मंदिर के टीले को सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के लिए आईआईटी रुड़की की टीम ने अध्ययन व शोध के बाद टीले के चारों ओर सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक बनाने का सुझाव दिया था, जिसके आधार पर विभाग ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की थी। हालांकि, अब विभागीय स्तर पर टीले को प्राकृतिक स्वरूप में बनाए रखने के नाम पर सीसी ब्लॉक के स्थान पर निर्माण के डिजाइन में बदलाव करने की योजना पर विचार किए जाने की चर्चा है।

मंदिर के टीले का कार्य अत्यंत संवेदनशील है। कार्य में लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके चलते औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं व लापरवाही को लेकर सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया है और संबंधित के विरुद्ध नोटिस भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। – संजय शुक्ला, मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.