भोंपूराम खबरी,किच्छा। श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर पुरानी गल्ला मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, किच्छा में विवेक दीप सिंह के सौजन्य से एसबीआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन दशमेश खालसा दल के प्रधान एवं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के पूर्व प्रधान सरदार गुरनाम सिंह मंड जी द्वारा किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न चिकित्सा जाँचों की सुविधाएँ प्रदान की गईं।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता, सेवा, समानता एवं परोपकार के लिए समर्पित रहा। उनके पावन प्रकाश पर्व पर मानव सेवा के माध्यम से उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाएंगे।
विवेक दीप सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, एसबीआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के चिकित्सकों एवं समस्त सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किच्छा मंडल के पूर्व अध्यक्ष लवी साहगल जी, भारतीय जनता पार्टी पंतनगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष अमित पुरोहित जी, सरदार सर्वन सिंह जी, सरदार जगरूप सिंह गोल्डी जी, एसबीआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं अन्य सम्मानित गणमान्यजन उपस्थित रहे।





