Tuesday, November 24, 2026

किच्छा-नगला अंडरपास निर्माण को लेकर डीएम कार्यालय के सामने 24 घंटे धरने का ऐलान,  विधायक तिलक राज बेहड़ ने गिनाए विकास कार्य, करीब एक करोड़ के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने मंगलवार को विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा करीब एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

ग्राम गंगापुर में मंदिर से सर्वजीत सिंह के खेत तक 86 लाख 83 हजार रुपये की लागत से मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। नारायणपुर कोठा में 2 लाख 89 हजार रुपये की सीसी सड़क तथा 1 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निर्मित पुलिया एवं सीसी सड़क का लोकार्पण किया। वहीं प्रतापपुर घोटा में 1 लाख 65 हजार रुपये की लागत से स्थापित वाटर कूलर का उद्घाटन किया।

इसके उपरांत विधायक बेहड़ पुरानी गल्ला मंडी स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कीर्तन दीवान में शामिल हुए। उन्होंने मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक निधि से 6 लाख रुपये की लागत से स्थापित सोलर प्लांट का लोकार्पण भी किया।

बेहड़ ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें भाईचारे, गरीबों की मदद और मानवता की सेवा का संदेश देती हैं। सिख समाज ने हमेशा देश सेवा और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमें आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ समाज को आगे बढ़ाना चाहिए।

क्षेत्र की अंडरपास समस्या पर विधायक ने कहा कि किच्छा-नगला सहित जवाहर नगर के अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी है। रेलवे फाटक दिन में 15 से 20 बार बंद होने से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। रेलवे विभाग और जिला प्रशासन से लगातार वार्ता की जा रही है, इस मांग को लेकर कल जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस जनहित की लड़ाई में सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि पुराना शहर होने के कारण यहां मंदिर, गुरुद्वारा, बाजार और विभिन्न समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। क्षेत्र की समस्याएं सभी की साझा समस्याएं हैं और उनके समाधान के लिए वह हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।

ग्रामीण जनसंवाद के दौरान विधायक बेहड़ ने गंगापुर,गणेशपुर,नारायणपुर कोठा नारायणपुर,सुंदर कालोनी और प्रतापपुर घोटा में जनसवाद किया व जनसमस्याए सुनी |नारायणपुर कोठा में जनसंवाद के दौरान विधायक ने कहा कि गांव से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है। यहां बिजली, ट्रांसफार्मर, स्कूल, सड़क, पुलिया और श्मशान घाट सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्य पुल मार्ग का सर्वे पूरा हो चुका है और डीपीआर तैयार की जा रही है। शासन से स्वीकृति मिलने पर इसे प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। कटान की समस्या को भी जिला योजना में शामिल कराया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, रामकुमार सिंह, मुकेश पासवान, सर्वजीत सिंह, संतोष सिंह, श्रवण भगत, बबलू प्रधान, अशोक चुघ सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

गुरुद्वारे के कार्यक्रम में प्रधान देवेंद्र मंड, संतोख सिंह,सभासद गुरप्रीत पोल्ला, निर्मल सिंह, परमजीत सिंह, हरभजन सिंह, करमजीत सिंह, गुरनाम धारीवाल, दलजीत सिंह, गुरचरण सिंह, गुरजस सिंह, दलजीत कक्कड़ और डिम्पल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.