भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर में जनपद के पत्रकारों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान पत्रकारों ने प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर रुद्रपुर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराए जाने के साथ ही इसके सुचारू संचालन का अनुरोध किया।
इस पर संयुक्त निदेशक ने अवगत कराया कि प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य के लिए टीएसी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत 70.59 लाख रुपये है। इस संबंध में सूचना विभाग द्वारा शासन को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। शासन स्तर से कार्यदायी संस्था के चयन के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में कार्यदायी संस्था के चयन के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में पत्रकारों के लिए आरक्षित सीटों पर स्पष्ट रूप से ‘पत्रकारों हेतु आरक्षित’ अंकित कराए जाने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त रेलवे में पत्रकारों के लिए पूर्व की भांति यात्रा सुविधा पुनः बहाल किए जाने की मांग भी रखी। पत्रकारों ने पत्रकारों के लिए समूह बीमा की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध भी संयुक्त निदेशक के समक्ष रखा, जिस पर चर्चा की गई। रेलवे यात्रा सुविधा के संबंध में संयुक्त निदेशक ने कहा कि पत्रकार साथी विभाग को अपना संयुक्त ज्ञापन उपलब्ध कराएं, ताकि उनकी मांग को शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जा सके।
बैठक के उपरांत संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट के साथ प्रेस क्लब / मीडिया सेंटर रुद्रपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रस्तावित सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।





