भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रदेशभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत भूतबंगला बस्ती में अभियान चलाया गया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से हस्ताक्षर कराकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत एकत्रित किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज और बैनर 23 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में अनिवार्य रूप से जमा कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को प्रदेशभर के कांग्रेसजन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कांग्रेस भवन देहरादून में एकत्रित होंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ममता रानी, उमा सरकार, पार्षद परवेज कुरैशी, संजय ठुकराल, कुंवर पाल कोली, राकेश कुमार, चन्द्रभान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





