भोंपूराम खबरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। गूलर बाजार के पास पहुंचते ही बस दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इन यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक घायल की ऋषिकेश एम्स पहुंचने के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य लोग खाई में गिरे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ की टीमें समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। गहरी खाई और दुर्गम स्थान होने के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। फिलहाल लापता यात्रियों की तलाश और घायलों को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड।
राहुल कुमार (24), निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार।
अभिषेक (28), निवासी मोहल्ला नत्था सिंह, जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
प्रत्यूष (23), निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
अर्जुन सौरन (34), निवासी सीलीबुना, जिला दुमका, झारखंड।
बुधन मुर्मू (50), निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड।
आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
राजकुमार (32), निवासी उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड।
जतिन (21), निवासी डीडीए क्वार्टर, शाहदरा, दिल्ली।
पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
वीरेंद्र सिंह (58), निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली।





