भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर।आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी में चुनावी तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश महासचिव (महिला मोर्चा) किरण पांडे विश्वास ने 66 रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक प्रत्याशी के रूप में अपनी प्रबल दावेदारी प्रस्तुत की है।

इस संबंध में किरण पांडे विश्वास ने आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रभारी ऊधम सिंह नगर विजय सिंह, कुमाऊं क्षेत्रीय अध्यक्ष गजपाल सिंह एवं युवा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह को अपना दावेदारी ज्ञापन सौंपा तथा आगामी विधानसभा चुनाव में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने हेतु अपनी औपचारिक प्रस्तुति रखी।
ज्ञापन में उन्होंने अपने सामाजिक, राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि वह लंबे समय से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आम जनता के विभिन्न मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं। महिला सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान, गरीब एवं मजदूर परिवारों के अधिकार, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर उन्होंने लगातार अपनी आवाज बुलंद की है।
किरण पांडे विश्वास ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के समर्थन में रुद्रपुर में निकाली गई तिरंगा यात्रा, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन तथा भगवानपुर क्षेत्र के प्रभावित एवं गरीब परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग जैसे जनहित के मुद्दों पर अपनी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया। उनके इन सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यों को विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों में भी स्थान मिला है।
महिलाओं और युवाओं की आवाज बनना प्राथमिकता
किरण पांडे विश्वास ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद आवश्यक है। महिलाओं को केवल मतदान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें राजनीतिक नेतृत्व में भी उचित अवसर मिलना चाहिए। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं और गरीब परिवारों के अधिकार उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
संगठन को मजबूत करने का दिया भरोसा
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें 66 रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी के रूप में अवसर प्रदान करता है तो वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आम आदमी पार्टी की जीत के लिए कार्य करेंगी।
उन्होंने चुनाव प्रभारी विजय सिंह, कुमाऊं क्षेत्रीय अध्यक्ष यशपाल सिंह एवं युवा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के समक्ष अपनी दावेदारी रखते हुए अनुरोध किया कि उनके सामाजिक कार्यों, संगठनात्मक योगदान और राजनीतिक सक्रियता को ध्यान में रखते हुए उनका नाम आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में मजबूती से प्रस्तुत किया जाए।
किरण पांडे विश्वास ने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीतिक दावेदारी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज बनना, महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दिलाना और क्षेत्र के विकास एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से विधानसभा तक पहुंचाना है।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए आम आदमी पार्टी के भीतर रुद्रपुर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी चयन की तैयारियों के बीच किरण पांडे विश्वास द्वारा प्रस्तुत की गई यह दावेदारी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





