Saturday, November 14, 2026

वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो अभी जाग जाइए!…सरकार ने दिया एक और मौका, जानिए पूरी प्रक्रिया!

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार कराने के लिए दावे-आपत्तियां मांगी गई हैं। जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे 11 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष अभियान में एक लाख से अधिक लोगों ने मतदाता बनने के लिए फार्म-6 जमा किया था। इनमें से बड़ी संख्या में आवेदनों को स्वीकार करते हुए नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी के साथ कुछ मतदान स्थलों में भी बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के साथ बैठक के बाद शुक्रवार को पुनरीक्षण से जुड़ा विस्तृत ब्योरा जारी करेगा।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म?

– फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।

– फार्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए।

– फार्म-8: नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार कराने के लिए।

निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों और दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से या अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.