भोंपूराम खबरी,किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने हरित क्रांति की जननी गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा के साथ विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं पंतनगर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता हुई।

विधायक बेहड़ ने कुलपति के समक्ष वर्ष 2003 से पूर्व सेवारत कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा ठेका कर्मचारियों को उपनल कर्मचारियों की भांति समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही कर्मचारियों की लंबित पेंशन समस्याओं, विश्वविद्यालय में राज्य स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) लागू करने, पांच वर्षों से लंबित मृतक आश्रितों की नियुक्तियां मृतक आश्रित सेवा नियमावली 1974 के तहत किए जाने तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित कैंपस स्कूल को विश्वविद्यालय में समाहित करने अथवा उसका राजकीयकरण किए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की।
बेहड़ ने कहा कि कर्मचारियों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान के लिए पूर्व में भी उनके द्वारा कई बार पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए कर्मचारियों के हित में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
इस दौरान विधायक ने पंतनगर में राज्य योजना व मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लगभग 6 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण की स्वीकृति प्राप्त होने तथा अधिकांश कार्य पूर्ण होने की जानकारी भी कुलपति को दी।
कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने विधायक बेहड़ के कार्यकाल में पंतनगर क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की सराहना की तथा कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
विधायक बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी पंतनगर क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 80 लाख रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत कराए गए हैं, जिनमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
बेहड़ ने अपने कार्यकाल में पंतनगर में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अनेक शौचालयों का निर्माण, सोलर लाइटों की स्थापना, आंतरिक सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, वाटर कूलरों की स्थापना, कर्मचारी संघ कार्यालय का सौंदर्यीकरण तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर टीन शेड निर्माण जैसे कार्य कराए गए हैं।
बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।




