हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना कटघरिया स्थित एक होटल में देर रात की बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की।
जांच के दौरान कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल का नाम सामने आया है। पुलिस ने होटल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में होटल में बिना पहचान पत्र (आईडी) के कमरा उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





