Sunday, November 1, 2026

रुद्रपुर के मॉल में खराब सेब और सब्जियां मिलने पर मॉल प्रबंधन को नोटिस

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर शनिवार को सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा ललित मोहन पांडे के नेतृत्व में रुद्रपुर स्थित एक मॉल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मसालों, मिठाइयों, बेसन और मैदे समेत कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, बिक्री के लिए रखे खराब सेब और सब्जियां मिलने पर मॉल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान धनिया-मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पैक्ड कराची हलवा, मैसूर पाक, बेसन और मैदे के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान बिक्री के लिए रखे खराब सेब और सब्जियां भी मिलीं। इस पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या ने मॉल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विभाग ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत भी दी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली अभियान के तहत खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने, बिना पंजीकरण या लाइसेंस के कारोबार करने तथा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री, भंडारण या निर्माण करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगीखाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के खरीद बिल पर एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर अंकित रखने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में बिकने वाली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित करना भी अनिवार्य बताया गया है। इसके अलावा बाहरी राज्यों से खाद्य सामग्री केवल पंजीकृत या लाइसेंसधारी कारोबारियों से खरीदने और खरीद-बिक्री का दैनिक रिकॉर्ड रखने को कहा गया है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.