Sunday, November 1, 2026

विशेष बच्चों की प्रतिभा और हुनर देख अभिभूत हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, हस्तशिल्प प्रदर्शनी का किया अवलोकन

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। जन कल्याण एवं बाल विकास संस्थान द्वारा पंजीकृत एस.टी.ए.आर.टी. (संभाव थेरेप्यूटिक एंड रिहैबिलिटेशन ट्रेनिंग) इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय हस्तनिर्मित प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह का समापन हो गया। समापन समारोह में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संस्थान के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों द्वारा तैयार हस्तशिल्प एवं दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुओं का अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मकता, हुनर और आत्मविश्वास देखकर उन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना की।

इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि एस.टी.ए.आर.टी. इंस्टीट्यूट द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। समाज को ऐसे बच्चों के प्रति दया के बजाय सम्मान, समान अवसर और प्रोत्साहन का भाव रखना चाहिए। बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित वस्तुएं उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मक क्षमता को दर्शाती हैं।

 

संस्थान की फाउंडर डायरेक्टर डॉ. माधवी अवस्थी ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां सेरेब्रल पाल्सी एवं गहन बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों का उनकी क्षमताओं के अनुरूप मूल्यांकन कर शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा के साथ पूर्व व्यावसायिक और व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को विभिन्न कार्यकुशलताओं में दक्ष बनाया जाता है, जिससे वे भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकें।

प्रदर्शनी में विशेष बच्चों की माताओं ने भी अपने बच्चों के साथ मिलकर विभिन्न हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर बच्चों की माताओं को शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में संस्थान की को-डायरेक्टर शकुंतला मेहता, भारती शर्मा, कोमल शुक्ला तथा स्टेप अप रिहैबिलिटेशन के स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में जेसीआई सदस्य रवि सक्सेना एवं प्रियांशी सक्सेना, श्रीराम अस्पताल से डॉ. श्रीराम, डॉ. अशोक गर्ग एवं डॉ. पारुल गर्ग, जिला क्रीड़ा विभाग के उप प्रभारी रघुवीर सिंह विर्क, खेल मार्गदर्शक अतुल त्यागी, रोहित अग्रवाल, निधि अग्रवाल, कमल विर्क, राजेश अवस्थी, पराग अवस्थी, सुधीर चंद्र बाजपेई एवं रुपेश बाजपेई सहित बच्चों के अभिभावक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने संस्थान की फाउंडर डायरेक्टर डॉ. माधवी अवस्थी एवं उनकी पूरी टीम को इस सामाजिक एवं रचनात्मक पहल के लिए बधाई दी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.