Sunday, November 1, 2026

मशाल प्रज्वलित कर विधायक शिव अरोरा ने किया राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ, 13 जनपदों के 1250 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में रविवार, 1 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने मशाल बच्चों को सौंपते हुए खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को तराशने और प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। राज्य सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। आज विद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले यही बच्चे भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

 

विधायक ने कहा कि रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना शहर के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और रुद्रपुर खेल गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में आगे बढ़ेगा।

 

गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता 1 नवंबर से 3 नवंबर तक मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम देहरादून की टीम भी प्रतिभाग कर रही है। प्रतियोगिता में लगभग 1250 खिलाड़ी एवं 150 प्रशिक्षक शामिल हो रहे हैं। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 

उद्घाटन समारोह में श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज रुद्रपुर एवं गुरु नानक बालिका इंटर कॉलेज रुद्रपुर की छात्राओं ने आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को भव्यता प्रदान की।

 

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा हिमांशु कुमार श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी संवेद आलम, प्रधानाचार्य आमोद सक्सेना, ज्योतिराज, प्रीति गोयल, हरीश दनाई, संजीव बुधोरी, मोहन उपाध्याय, धीरज पांडे, दिनेश सिंह, गोविंद नारायण शर्मा, राजकुमार चौधरी, दीपक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.