भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शहर को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी गड्ढा मुक्त अभियान शुरू कर दिया गया है। महापौर विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और सोसाइटी की समिति के सदस्यों से संवाद कर सड़क संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान सोसाइटी के लोगों ने फूल-मालाओं से महापौर का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्य शुरू कराने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर की बस्तियों, कॉलोनियों, गल्ला मंडी और सोसाइटियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में गड्ढे भरने का काम निरंतर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 30 अक्टूबर तक शहर को गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद एक नवंबर से नई सड़कों के निर्माण का अभियान शुरू किया जाएगा। मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी एक नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से 10 करोड़ रुपये की हॉटमिक्स सड़कों के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। बिटुमिन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या और बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब मौसम अनुकूल होने पर काम में तेजी लाई जा रही है। इन सड़कों के निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इसके अतिरिक्त 11.50 करोड़ रुपये के नए टेंडर भी जारी किए गए हैं, जिनके तहत सीसी सड़कें, पार्कों का सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सड़क निर्माण के साथ-साथ पार्कों के सौंदर्यीकरण और ओपन जिम स्थापित करने पर भी काम चल रहा है। डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि गौशाला बनकर तैयार हो चुकी है। पेट्रोल पंप की परियोजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है। डमरू चौक का टेंडर जारी हो चुका है और शिव कॉरिडोर के लिए शासनादेश भी जारी हो गया है। इसके अलावा गंगापुर रोड और भूरारानी रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग से होते हुए इंदिरा कॉलोनी तक नई सड़क बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे छतरपुर, मटकोटा, धर्मपुर, भूरारानी, सिंह कॉलोनी और आदर्श कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में सुविधा मिलेगी।
महापौर ने कहा कि मेट्रोपोलिस सोसाइटी के लोगों और समिति की ओर से लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। मौसम अनुकूल होने पर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। जन प्रतिनिधियों, स्थानीय समितियों और नागरिकों के सहयोग से रुद्रपुर को व्यवस्थित, सुंदर और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सोसाइटी अध्यक्ष शंकर पटवाल, पीयूष भाटिया, वार्ड संख्या 40 के पार्षद बीनू सहित सुमेश राय, विनोद वर्मा, पंकज तिवारी, डॉ. आरके अग्रवाल, पूनम वर्मा, शिवराज सिंह बोरा, बीरेंद्र सिंह, मधु राय, मनीष अग्रवाल, सीमा शर्मा, मोनिका, रवि सिंह, हरीश कंडोलिया, श्रीमती बडोला और महेंद्र पोपली सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।




