भोंपूराम खबरी,पन्तनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में बी.एससी. (कृषि) अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा व्यावसायिक मधुमक्खी पालन पर प्रायोगिक शिक्षण कार्यक्रम (ELP on Beekeeping) के अंतर्गत मूल्य संवर्धित मधुमक्खी उत्पादों की प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. पूनम श्रीवास्तव, प्रोफेसर, कीट विज्ञान विभाग एवं प्रशिक्षक प्रभारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों ने आकर्षक चार्ट्स एवं पोस्टर्स के माध्यम से मधुमक्खियों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कुलपति ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचारपूर्ण उत्पादों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय में “बी कॉम्ब पार्क” विकसित करने की अपनी परिकल्पना भी व्यक्त की, जहाँ आगंतुक बैठकर विभिन्न मधुमक्खी उत्पादों का आनंद ले सकें।
प्रदर्शनी में व्हिप्ड हनी प्रीमिक्स, बीवैक्स सुगंधित मोमबत्तियाँ एवं मच्छर प्रतिरोधी उत्पाद, प्रोपोलिस की-चेन एवं फ्रिज मैग्नेट, पराग प्रोटीन बार, बीवैक्स शू पॉलिश, बीटरूट हनी पंच, हनी फेस मिस्ट, लिप बाम, फेस एवं लिप स्क्रबर, प्रोपोलिस माउथवॉश, हनी चोको नट बाइट, हनी बोबा कॉफी, सॉलिड परफ्यूम, मारखंड, हैंड लोशन, हनी ब्राइटनिंग सोप बार, बेल जूस, शीट मास्क, मधु धूप, हनी गुलकंद पान, लस्सी, हनी चोकोबाइट, हनी डेट्स एंड नट्स रोल, वैक्स आधारित वॉर्डरोब फ्रेशनर, हनी गोंद के लड्डू, हनी चीज़केक, हनी ग्लेज़्ड मखाना, बीवैक्स दिया-बाती, हनी ओट केक तथा कार फ्रेशनर आदि प्रमुख आकर्षण रहे।
इस अवसर पर निदेशक शोध डॉ. एस. के. वर्मा, अधिष्ठाता कृषि डॉ. राघव, निदेशक संचार डॉ. जे. पी. जायसवाल, विभागाध्यक्ष कीट विज्ञान डॉ. एम. एस. खान, विभागाध्यक्ष उद्यान विज्ञान, विभागाध्यक्ष पौध रोग विज्ञान सहित अनेक गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा मधुमक्खियों के महत्व के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण रही तथा मधुमक्खी पालन एवं परागणकर्ताओं के संरक्षण के महत्व को प्रभावी रूप से उजागर करने में सफल रही।




