Wednesday, May 20, 2026

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी की अंतिम यात्रा, सीएम समेत कई नेताओं ने दिया कंधा

Share

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (रिटायर्ड) भुवन चंद्र खंडूरी की अंतिम यात्रा बुधवार को देहरादून से हरिद्वार के लिए रवाना हो गई। देहरादून स्थित उनके आवास से निकली शव यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे मार्ग में “मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी अमर रहें” के नारे गूंजते रहे और लोगों ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी।

देहरादून के वसंत विहार स्थित आवास से खंडूरी की अंतिम यात्रा शुरू हुई। शव यात्रा करीब 7 किलोमीटर तक भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकाली गई। रास्ते भर समर्थकों ने पुष्पवर्षा की और सड़क किनारे खड़े लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे मनीष खंडूरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम दर्शन के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

हरिद्वार में होगा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

भाजपा प्रदेश मुख्यालय से अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार सुबह 11:10 बजे निधन हो गया था। वह 91 वर्ष के थे और पिछले करीब 50 दिनों से देहरादून के मैक्स सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती थे। लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे खंडूरी के निधन के बाद पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने 19 से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है और आज सार्वजनिक अवकाश रखा गया है।

 

 

Read more

Local News

Translate »