Saturday, April 25, 2026

पार्षद धामी हत्याकांड में STF को बड़ी सफलता, एसटीएफ ने शूटर को किया गिरफतार।।

Share

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रुद्रपुर क्षेत्र से संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान दबोचा गया।

एसटीएफ के अनुसार, यह गिरफ्तारी पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत लंबे समय से फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई थी सनसनीखेज हत्या

गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने पहले उन्हें घर से बाहर बुलाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर फरार हो गए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

राजनीतिक रंजिश में दी गई थी सुपारी

जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। वारदात को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब ₹4 लाख की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था।

एक महीने से STF की नजर में था आरोपी

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

उन्होंने बताया कि तड़के मिली सटीक सूचना पर एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Read more

Local News

Translate »