
भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज में सहसपुर और छरबा के बीच स्थित घने जंगल में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय इरफान रोजाना की तरह सूखी लकड़ियां लेने जंगल गए थे।
इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और वन विभाग मौके पर पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि मृतक स्थानीय निवासी था और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी में रखा गया है।
वहीं कालसी के डीएफओ मयंक गर्ग ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत गुलदार के हमले से हुई या नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि वन्यजीव के हमले में मौत की पुष्टि होती है तो पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि जंगल में उस समय दो लोग लकड़ी लेने गए थे, जो अलग-अलग दिशा में चले गए थे। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




