Monday, January 26, 2026

दायित्व वितरण से हिलेगी उत्तराखंड की राजनीति… सियासी समीकरण बदलना तय

Share

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्व वितरण को लेकर उठ रही अटकलों पर जल्द ही विराम लग सकता है। इस दिशा में कसरत पूरी कर ली गई है और आगामी सप्ताह में नई सूची जारी होने की संभावना है।

राज्य में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके चलते राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गई हैं और सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व में नेताओं को साधने के लिए दायित्व वितरण पर जोर दिया जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद 2022 में अब तक चार बार दायित्वधारियों की सूची जारी हो चुकी है।

सूची तैयार करने की प्रक्रिया के तहत गोपन विभाग ने सभी संबंधित विभागों को पत्र भेजकर खाली अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और अन्य पदों की जानकारी मांगी है। इन रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त होने के बाद नए दायित्वधारियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि नई सूची तैयार है और हरी झंडी मिलने के बाद इसे जल्द ही जारी किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से विधायकों और नेताओं की मुलाकातें तेज हो गई थीं। इसके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के बाद दिल्ली और देहरादून दौरे भी पूरी प्रक्रिया को गति दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद अब तक जारी दायित्वधारियों की चार सूचियों में क्रमशः 27 सितंबर 2023 को 10, 14 दिसंबर 2023 को 11, 1 अप्रैल 2025 को 20 और 4 अप्रैल 2025 को 18 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बार भी जल्द ही एक या दो नई सूचियों के जारी होने की संभावना है।

 

 

Read more

Local News

Translate »