भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच कर शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनको नमन करते हुए उन्हें महान क्रांतिकारी बताया। इस दौरान पूरा वातावरण शहीद उधम सिंह के जयकारों से गूंज उठा। इससे पूर्व वहां पहुँचने पर सिख समाज के लोगों ने नड्डा का फूल मालाओं से स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि शहीद उधम सिंह के भीतर देश भक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा था। आज ऐसे महान क्रांतिकारियों की देशभक्ति से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। यहाँ सिख समुदाय ने नड्डा व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कृपाण भेंट करने के साथ स्वर्ण मंदिर साहेब का चित्र भी भेंट किया।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का काफिला मुख्य बाजार स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचा। यहां पर उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ अंबेडकर ने देश में समानता लाने का सबसे बड़ा काम किया। आज हमें संविधान से जो भी अधिकार मिले हैं वह सब बाबा साहब डॉ अंबेडकर की देन है। उन्होंने देश को एक नई दिशा दी। दबे कुचले वर्ग को मुख्यधारा में लाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज डॉ अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने काम कर रही है। उन्होंने सबको समानता का अधिकार देने का जो काम किया था, उसकी तर्ज पर आज भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के लक्ष्य पर मिशन के साथ काम कर रही है।




