भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। आवास विकास स्थित शिव शक्ति मंदिर में माता तुलसी विवाह का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिसमें कार्तिक शुक्ल पक्ष की हरिबोधिनी एकादशी पर गन्ने का मंडप सजाकर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह एवं पूजन संपन्न हुआ। मंदिर में सुबह से भजन कीर्तन किया गया और दोपहर करीब 12 बजे भगवान शालिग्राम की बारात निकाली गई।
मंदिर के पुजारी पं गोपाल ने बताया कि रविवार शाम से ही महिलाओं द्वारा मंदिरों में माता तुलसी के विवाह पर्व पर तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाया। कहा कि उन्हें लाल रंग की चुनरी ओढ़ाई गई व कलीरे भी पहनाए गए। शालिग्राम के रूप में भगवान विष्णु को भी सुंदर वस्त्र पहना कर सजाया गया। गोपाल ने बताया कि तुलसी विवाह की महिलाओं ने कई विशेष तैयारियां कर रखी थी। महिलाओं ने तुलसी माता की सजावट में तरह-तरह की रंगोली बनाई और तरह-तरह के परिधानों से सजाया। फल-फूल, धूप दीप से महिलाओं ने भगवान विष्णु के सांकेतिक स्वरूप शालिग्राम और माता तुलसी की पूजा की। गोपाल के मुताबिक भजन- कीर्तन का कार्यक्रम सुबह 5 बजे से शुरू हो गया था, जिसके बाद कथा और आरती कर दोपहर 12 बजे के बाद माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि विवाह के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।




