Friday, September 4, 2026

यहां BJP नेता समेत 49 पर केस दर्ज, जानिए पूरा मामला

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रामनगर। गोमांस तस्करी के शक में मांस लदे लोडर वाहन में तोड़फोड़ करने और चालक को बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने रामनगर और कालाढूंगी कोतवाली में 49 लोगों पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। रामनगर में जहां भाजपा नेता मदन जोशी समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए 30 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं कालाढूंगी में 14 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में तीन नाम ऐसे हैं, जिनके के खिलाफ दोनों कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को चिन्हित कर रही है।

बीते गुरुवार को बरेली से कूलिंग कंटेनर लगे लोडर वाहन में मांस लेकर आ रहे चालक को रामनगर कोतवाली क्षेत्र के छोई में लोगों ने रोक लिया था। वाहन में मांस देख लोग भड़क गए और गोमांस तस्करी का आरोप लगाते हुए चालक नासिर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद कालाढूंगी कोतवाली की बैलपड़ाव चौकी में भी हंगामा हुआ। वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि चालक नासिर की पत्नी नूरजहां निवासी नई बस्ती गुलरघट्टी रामनगर की तहरीर पर भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी, राजू रावत, सागर मनराल, पंकज और करन निवासी रामनगर और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नूरजहां ने नामजद आरोपियों समेत अज्ञात पर उसके पति को लोहे की रॉड से जान से मारने का प्रयास समेत कई आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास, बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं बैलपड़ाव पुलिस चौकी में वाहन में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट मामले में कालाढूंगी कोतवाली में 14 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले में हनीफ पुत्र रहीस निवासी केलाखेड़ा की तहरीर पर रमेश नाथ गोस्वामी, पंकज धस्माना, सागर चौधरी, उमेश चौहान, धर्मेन्द्र टम्टा, नमन अग्रवाल, राजेंद्र पंत, दीपू कश्यप, सागर मनराल, करन आर्या, प्रमोद पंडित, रोहित जोशी, गौरव बिष्ट, पीयूष वर्मा समेत अन्य पर बीएनएस 2023 की धारा 190/191(2) /191(3)/324 (4)/109 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आसपास की जगहों से पुलिस बल को शुक्रवार को भी रामनगर में ही तैनात किया। पुलिस बल कोतवाली के आसपास ही खड़ा रहा। कोतवाल ने बताया कि रामनगर में पीएसी पहले से ही तैनात है।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

आइसा के नगर अध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि गुरुवार को हुई मॉब लिंचिंग की घटना बेहद ही गंभीर है। उन्होंने कहा कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इससे शहर का माहौल बिगड़ने की संभावनाएं रहती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की मांग की है।

भीड़ के हमले में घायल नासिर की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के लोगों ने नासिर को हल्द्वानी के बाद काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। अब तक जांचों और दवाओं में नासिर का परिवार हजारों रुपये खर्च कर चुका है। नासिर के इलाज में अधिक खर्च के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट भी पैदा हो गया है।

नासिर के परिवार इस घटना से परेशान है। शुक्रवार को घर के बाहर नासिर की मां कंजुम अपने बेटे का इंतजार करती मिलीं। वहीं पत्नी नूरजहां, आठ साल का बेटा आहत और चार साल की बेटी नाबिया पिता की हालत पर बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि वह लोग समाज में मिलजुलकर रहने वालों में से हैं। नूरजहां ने बताया कि नासिर चार सौ रुपये की दिहाड़ी पर गाड़ी चलाता था। इसी से परिवार का भरण- भोषण होता था और बच्चों की फीस भी जाती थी। गंभीर रूप से घायल नासिर के अब तक के इलाज में परिवार ने घर की जमा पूंजी खर्च कर दी।

परिजनों ने बताया कि हल्द्वानी आने-जानेख, जांचें और दवाइयों में काफी खर्च हुआ है। परिजनों के मुताबिक नासिर के सिर में गहरी चोट की वजह से डॉक्टरों ने उसे अन्यत्र ले जाने की सलाह दी। बताया कि कर्ज लेकर नासिर का इलाज कराया जा रहा है। अगर इलाज लंबा चला तो परिवार की भुखमरी की नौबत आ जाएगी। नासिर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है।

वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ भी केस

मामले में रामनगर पुलिस ने वाहन स्वामी और लोडर चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि करन पुत्र किशन निवासी छोई की तहरीर पर वाहन स्वामी सलीम खताड़ी और चालक नासिर पर केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को दी तहरीर में कहा गया कि उन्होंने क्षेत्र में कथित प्रतिबंधित मांस से भरे पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन चालक ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी संबंधी धाराओं में मामला दर्ज किया है।

चालक से मारपीट और चौकी में खड़े मांस लदे वाहन को क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ लोग शुक्रवार को रामनगर कोतवाल सुशील कुमार से मिले। उन्होंने कहा कि रामनगर में लोग आपसी सौहार्द्र से रहते हैं। बिना जांच के ही चालक से मारपीट करने और वाहन क्षतिग्रस्त करने की घटना ने कई लोग आहत हुए हैं। कोतवाल ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.