Friday, September 4, 2026

यहां फैक्ट्री में हाइड्रोजन सिलेंडर ब्लास्ट से एक श्रमिक की मौत, 10 घायल

Share

Advertisement

काशीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सूर्य फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह लगभग 10:30 बजे की है। घायलों को तत्काल नगर के आयुष्मान चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा और सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल चिकित्सालय पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि घटना बेहद दुःखद है और मुख्यमंत्री से उनकी वार्ता हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और निर्देश दिए हैं कि यदि आवश्यक हो तो घायलों को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी घायलों का समुचित इलाज कराया जाएगा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अस्पताल में उपस्थित रहकर इलाज की निगरानी करें। साथ ही, फैक्ट्री स्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया है। इस दौरान महापौर दीपक बाली, एडीएम पंकज उपाध्याय और एडीएम अभय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.