भोंपूराम खबरी,जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर बरगी बांध क्रूज हादसे (Jabalpur Boat Accident LIVE) में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. हादसे की खबर मिलते ही क्रूज यात्रियों के घरवाले भी मौके पर पहुंचने लगे थे. सभी लोग बचाए गए क्रूज यात्रियों के इलाज आदि की व्यवस्था में लगे हुए थे. रातभर NDRF और SDRF के जवानों द्वारा डूबी हुई क्रूज को निकालने का ऑपरेशन जारी रहा. सुबह होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आई. टीम क्रूज को बाहर निकालने में लगी है. क्रूज को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है. क्रूज बाहर आने के बाद ही मृतकों की संख्या का सही आकलन हो पाएगा. अब तक 9 शवों को बाहर निकाला जा चुका है. लोक निर्माण मंत्री, पर्यटन मंत्री, सांसद, विधायक, एडीजी, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर, एसपी सहित पूरा प्रशासनिक अमला पूरी रात से मौके पर मौजूद है.
बरगी डैम हादसा: दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, मजिस्ट्रियल जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बरगी डैम क्रूज हादसे पर मजिस्ट्रियल जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि एनजीटी द्वारा क्रूज संचालन पर रोक के बावजूद नाव कैसे चलाई गई. इस पर सवाल उठते हैं और जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद क्रूज चलाने को लापरवाही बताया और यात्रियों को लाइफ जैकेट न दिए जाने पर भी गंभीर सवाल खड़े किए.
जबलपुर नाव हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता
मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने की दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. प्रधानमंत्री ने बताया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है.इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
पर्यटन विभाग करेगा जबलपुर हादसे की जांच: मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम हादसे पर कहा कि क्रूज में लाइव जैकेट सबको पहननी ही चाहिए. कुछ लोगों ने आधा-अधूरा बांधा था. टूरिज्म विभाग इस मामले में जांच करेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो. हम परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हैं. जिस तेजी से बचाव कार्य में लगे हैं, उन बहादुर लोगों को बधाई देता हूं. क्रूज को काटकर पांच घंटे में कई लोगों को बाहर निकाला है. जिन्होंने जोखिम उठाकर लोगों को बचाने का काम किया है, उन्हें 15 अगस्त पर सम्मानित करने का काम करेंगे. हमने एक दल बिठाया है, जो पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहा है.
जबलपुर क्रूज हादसे पर जीतू पटवारी ने जताया शोक
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने जबलपुर के बरगी डैम में हुए हादसे पर कहा कि भयावह स्थिति है. लगातार मध्य प्रदेश पर कहर आ रहा है. एक एक्सीडेंट हुआ दो दिन पहले, जिसमें हमारे कई लोगों की मौत हो गई. अब बरगी डैम में जिस तरीके से बोट का डूबना हुआ, उसमें कई परिवार के लोगों की जान चली गई. उनके प्रति समर्पित भाव से हम सब उनको श्रद्धांजलि दें. वह समझते हैं कि शासन को इस तरह की घटनाओं को लेकर तुरंत कोई एक्शन प्लान बनाना चाहिए. यह सरकार सिर्फ मदमस्त है और वह समझते हैं कि यह ‘मस्ती की सरकार’ है.
जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 की मौत
सेना के जवानों और NDRF द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अभी तक 28 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. 9 सैलानियों के शवों को बरामद किया गया है. 5 से 6 सैलानियों के लापता होने की खबर है. रेस्क्यू टीम द्वारा पानी में डूबे क्रूज को निकालने के लिए रैंप बनाया जा रहा है. क्रूज को क्रेन की मदद से निकाला जाएगा. तमाम जनप्रतिनिधि सहित आला अधिकारी मौके पर हैं.
जबलपुर बरगी डैम हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट से जबलपुर के बरगी डैम हादसे पर संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने लिखा, ‘जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है. लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है. जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.’
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत
जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे में एक और मौत हुई है. एक और महिला का शव मिला है. अब तक रेस्क्यू टीम द्वारा 7 शवों को बाहर निकाला जा चुका है.
एक और महिला का मिला शव
जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे में एक और मौत हुई है. एक और महिला का शव मिला है. अब तक रेस्क्यू टीम द्वारा 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है.
क्रूज हादसे में अब तक पांच की मौत
जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार देर शाम क्रूज डूब गया.हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है. रेस्क्यू टीम ने एक महिला का शव बाहर निकाला. 22 सैलानियों को रेस्क्यू किया गया. अभी भी 9 लोगों की तलाश जारी है.
एडमिशन की खुशी मनाने आए थे
क्रूज हादसे के एक पीड़ित मनोज सेन ने बताया कि वह अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ घूमने आए थे. उनकी दोनों बेटियों का एमएलबी स्कूल में 11वीं कक्षा में एडमिशन हुआ था. बच्चों की जिद पर पूरा परिवार बरगी बांध घूमने आया था. उन्हें क्या मालूम था कि उनकी खुशी कुछ ही पलों में गम में बदल जाएगी.




