भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। लखीमपुर खीरी कांड में घायल किसानों का हालचाल जानने पंजाब के पांच कांग्रेस विधायक आज नगर पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है।
ज्ञात हो कि लखीमपुर खीरी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे किसानों को गाड़ियों से कुचल दिया गया था। घटना के बाद दो घायल किसानों को रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिनका हाल-चाल जानने के लिए शुक्रवार को पंजाब के विधायक फतेह सिंह बाजवा, बलविंदर सिंह लाडी, बलविंदर सिंह तालिवाल, संतोख सिंह बाबा व सुरजीत सिंह दीवान निजी अस्पताल पहुंचे। घायल किसानों का हाल-चाल जानने के दौरान पंजाब के कांग्रेस विधायकों ने उन्हें हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि केंद्र व यूपी की भाजपा सरकार पूरी तरह से हिटलर शाही रवैया अपना रही है और किसानों को गाड़ियों से कुचलवा रही है। कांग्रेस पार्टी तन-मन-धन से किसानों के साथ है।
इसके बाद यह सभी पांचों विधायक लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, सुभाष बेहड़ आदि ने उनका स्वागत किया। किसानों से मिलने के दौरान भी उक्त नेता उनके साथ रहे।




